देव संस्कृति विश्वविद्यालय में ‘दधीचि अंगदान संकल्प अभियान’ का आयोजन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और सीएम धामी रहे मौजूद
हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज में आज ‘दधीचि अंगदान संकल्प अभियान’ के तहत एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता की। दोनों विशिष्ट अतिथियों के विश्वविद्यालय परिसर में आगमन पर प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
स्वागत उपरांत सभी अतिथियों ने श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में प्रज्ञेश्वर महाकाल के दर्शन एवं वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वे मुख्य सभागार पहुँचे, जहाँ ‘दधीचि अंगदान संकल्प अभियान’ के मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
जन्मशताब्दी वर्ष के इस विशेष आयोजन का उद्देश्य समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता का विस्तार करना, महर्षि दधीचि के त्याग, समर्पण एवं लोकमंगल की प्रेरणा को जन-जन तक पहुँचाना तथा अधिकाधिक नागरिकों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार, गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

